कहते हैं — “पहला सुख निरोगी काया”, परंतु विडंबना यह है कि आज यही सुख हमारे जीवन से दूर होता जा रहा है। इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए *गौमाया जयपुर ने भारत धारा संस्था के सहयोग से, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3056 एवं सेव्यम हिम्स के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया।
इस अवसर पर सेव्यम हिंस के निदेशक श्री राजा मुकीम ने विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर जानकारी दी। मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन संबोधित करते हुए स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर डॉ. डी.पी. शर्मा ने कहा कि “आयुर्वेद हमारी प्राचीनतम चिकित्सा पद्धति है और इसी के बल पर हमने कोरोना जैसी महामारी पर विजय प्राप्त की।”
उन्होंने आगे कहा कि हमें सभी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों को क्रमबद्ध रूप से संजोकर उनके वैज्ञानिक प्रमाणों को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। गौमाया के चीफ एडवाइज़र, मोटिवेशनल स्पीकर एवं मैनेजमेंट गुरु डॉ. पी.एम. भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से समाज में नई चेतना का संचार होता है और स्वस्थ जीवन के प्रति जनजागरण बढ़ता है। गेस्ट ऑफ ऑनर स्मॉल माइंस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री योगेश कटारा ने कहा कि गाय से जुड़कर न केवल हम स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि प्रकृति संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं।
दूसरे गेस्ट ऑफ ऑनर राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव श्री दिनेश कानूनगो ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में चैंबर की ओर से ऐसे जनहितकारी अभियानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। शिविर के अध्यक्ष श्री योगेश मित्तल ने कहा कि प्रकृति से जुड़कर स्वस्थ रहना कोई कठिन कार्य नहीं है; आवश्यकता केवल इसे पहचानने और जीवन में आत्मसात करने की है।
गौमाया फाउंडर डॉ. सीताराम गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं गेस्ट ऑफ ऑनर्स का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा ‘गोमय अभियान’ के उद्देश्यों पर विस्तृत जानकारी दी। शिविर के समापन अवसर पर डॉ. पी.एम. भारद्वाज ने सभी उपस्थित लोगों को एक स्वर में स्वस्थ, समृद्ध और स्वच्छ भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया और इसे जन-जन की मुहिम बनाने का आह्वान किया।


