जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ IPS अधिकारी गोविंद गुप्ता ने सोमवार को राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के डीजी का पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही डीजी गोविंद गुप्ता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और ACB के बेड़े को मजबूत करने को प्राथमिकता बताया।
ACB अधिकारियों के साथ बैठक
मुख्यालय पहुंचने पर ACB अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद गोविंद गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों और कामकाज पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
“नए अधिकारी अधिक टेक्नो-फ्रेंडली”
मीडिया से बातचीत में DG गोविंद गुप्ता ने कहा कि ACB की सभी योजनाएं सरकार की नीतियों के अनुरूप होती हैं। उनका लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाना है। उन्होंने बताया कि विभाग में शामिल हो रहे नए अधिकारी तकनीकी रूप से दक्ष हैं, जो भ्रष्ट अपराधियों को पकड़ने में सहायक होंगे। साथ ही उन्होंने लंबित अभियोजन स्वीकृति को लेकर भी कहा कि राज्य सरकार इस मामले में संवेदनशील है और कार्रवाई कर रही है।
फिर एक्शन में नजर आएगी ACB
पदभार संभालते ही नए DG ने प्रदेश में सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम कसने और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राजस्थान ACB सक्रिय रूप से कार्रवाई करती हुई नजर आएगी।


