मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राजस्थान मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि कैबिनेट बैठक के कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में नगरीय विकास, मेडिकल टूरिज्म, कर्मचारी कल्याण, और शैक्षिक सुधारों जैसे मुद्दों पर अहम निर्णय लिए गए।
RPSC में सदस्यों की संख्या बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय
राज्य सरकार ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में सदस्यों की संख्या बढ़ाने का अहम निर्णय लिया है। अब RPSC में अध्यक्ष के साथ 7 के बजाय 10 सदस्य होंगे।
कर्मचारियों को दो वर्ष की विशेष छूट
इस बैठक में कर्मचारियों के हित में कई सेवा नियमों में संशोधन किए। वर्ष 2025-26 में पदोन्नति हेतु पात्र कर्मचारियों को दो वर्ष की विशेष छूट दी जाएगी। यह छूट उन कर्मचारियों को मिलेगी जो विगत वर्षों में किन्हीं कारणों से पदोन्नति का लाभ नहीं ले पाए थे।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री जोगाराम पटेल और सुमित गोदारा ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। आयोग की सदस्य संख्या बढ़ाने से परीक्षाओं का संचालन अधिक सुगमता से होगा और युवाओं को समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। जेल में बंद RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा के खिलाफ कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति से आग्रह किया गया है। मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि आयोग की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।


