लघु उद्योग भारती द्वारा पर्यावरण एंव खनन विषयक राज्य स्तरीय के संयुक्त तत्वाधान जयपुर में ’’इंडिया स्टोन मार्ट 2026’’ का आयोजन होने जा रहा है। जयपुर के कंस्टीटयूशन क्लब में 9 जुलाई को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसका उद्देश्य राजस्थान में पर्यावरणीय संतुलन के साथ औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्र के समन्वित विकास पर बहुपक्षीय संवाद स्थापित करना है।
यह मंच राज्य के नीति-निर्माताओं, विभागीय अधिकारियों, उद्योग संगठनों, विशेषज्ञों और उद्यमियों को एक साथ मंच पर लाकर ठोस समाधान एवं सुझावों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर और विशिष्ट अतिथि में उद्यमिता एवं श्रम राज्यमंत्री केके विश्नोई शिरकत करने पहुंचेंगे।
इंडिया स्टोनमार्ट संयोजक नटवर लाल अजमेरा ने बताया कि यह पहली बार है जब इंडिया स्टोनमार्ट के इतिहास में लघु उद्योग भारती द्वारा चीन, रूस और U.K जैसे देशों का दौरा किया गया, जो इस प्रदर्शनी के वैश्विक विस्तार की नई दिशा को दर्शाता है। इतना ही नहीं, भारत में भी इससे पूर्व GSTF (Global Stone Technology Forum) एवं अन्य संगोष्ठियों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पत्थर उद्योग में प्रौद्योगिकी, डिज़ाइन और नवाचार को प्रोत्साहित करने का सतत प्रयास किया गया है।


