IAF Jaguar Trainer aircraft Crash: राजस्थान के चुरू में भारतीय वायु सेना का फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि हादसे में किसी नागरिक या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
दुर्घटना स्थल को सुरक्षात्मक घेरे में ले लिया गया है। भारतीय वायुसेना ने दोनों पायलटों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है, IAF को इस दुर्घटना में दो बहुमूल्य जीवनों की क्षति पर गहरा दुख है। हम इस कठिन समय में शोकसंतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है।
सेना के सूत्रों के मुताबिक यह जगुआर फाइटर जेट श्रीगंगानगर के पास सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था। यह ब्रिटिश-फ्रेंच सुपरसोनिक जेट अटैक एयरक्राफ्ट है जो ग्राउंड अटैक और एंटी-शिप मिशन के लिए इस्तेमाल होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले विमान की आवाज सुनाई दी फिर तेज धमाका हुआ। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।


