JAIPUR // मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल: जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और जगन फाउंडेशन की अनूठी पहल”

जयपुर, 26 नवंबर 2025।जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जयपुर द्वारा बालिकाओं में मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध के निर्देशन में अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास, मानसरोवर में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जगन फाउंडेशन के सहयोग से स्वास्थ्य साक्षरता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हुआ।

अभिषेक सिद्ध ने कहा, यह पहल युवा लड़कियों में स्वास्थ्य साक्षरता और स्वास्थ्य सक्रियता को बढ़ाने की एक निरंतर प्रक्रिया है। हमारा उद्देश्य न केवल उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है, बल्कि मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और रूढ़ियों को भी समाप्त करना है।”

कार्यक्रम के इस दूसरे चरण में, छात्रावास की बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, मानसिक संकोच दूर करने और सही सेनेटरी उत्पादों के चयन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इससे पूर्व, पहले चरण में जयपुर के पाँच मदरसों में लगभग 300 युवतियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों एवं स्वच्छता पर जागरूक किया जा चुका है।
जगन फाउंडेशन की संस्थापक मालविका मुदगल ने बताया, हमारा उद्देश्य मासिक धर्म को एक प्राकृतिक प्रक्रिया के रूप में समझाना, स्वच्छता की बेहतर आदतों को प्रोत्साहित करना और सुरक्षित सेनेटरी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना है। हम चाहते हैं कि हर बालिका इस विषय पर न केवल जागरूक हो, बल्कि आत्मविश्वास भी महसूस करे।”
https://www.facebook.com/nsc9news
कार्यक्रम के दौरान इंटरैक्टिव वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार और मानसिक संकोच दूर करने के सरल उपाय बताए। साथ ही, प्रतिभागी बालिकाओं को नि:शुल्क सेनेटरी किट भी वितरित की गईं।यह पहल बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, स्वावलंबी और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग और फाउंडेशन ने भविष्य में इस अभियान को और भी व्यापक स्तर पर विस्तार देने की घोषणा की


