जयपुर में शनिवार को नए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निवर्तमान पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ ने कागजों पर साइन करने के बाद सचिन मित्तल को पद का चार्ज सौंपा। इसके बाद उन्होंने नए कमिश्नर को सलामी दी और कार्यालय से विदाई ली।
पुलिस कमिश्नर ने मीडिया में साझा किया अपना प्लान
सचिन मित्तल ने सुबह 10 बजे मुख्यालय पहुंचकर पुलिसकर्मियों से गार्ड ऑफ ऑनर लिया। इसके बाद उन्होंने बीजू जार्ज जोसेफ से पदभार ग्रहण किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को अपने नजदीकी पुलिस थाने में त्वरित मदद मिले, ताकि किसी को पुलिस कमिश्नर कार्यालय आने की जरूरत न पड़े। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम वर्तमान में प्रदेश में बड़ी चुनौती बन चुका है, और इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता जयपुर में अपराध पर तेजी से नियंत्रण स्थापित करना है।
नए कमिश्नर के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद
सचिन मित्तल के पदभार संभालने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि शहर में पुलिस की त्वरित पहुँच और अपराध नियंत्रण में सुधार आएगा।


