जयपुर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच (सी.एस.टी.) ने ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत थाना प्रताप नगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला ड्रग तस्कर रेखा सांसी और नगीना सांसी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 530 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही सी.एस.टी. की टीम और वरिष्ठ अधिकारियों रिछपाल सिंह एवं अति. पुलिस उपायुक्त संगठित अपराध की निगरानी में की गई।
झालावाड़ से लायी गई स्मैक
रेखा और नगीना सांसी मूलतः नागौर जिले की निवासी हैं। रेखा सांसी (पत्नी विष्णु सांसी, 30 वर्ष) और नगीना सांसी (पत्नी ओमप्रकाश सांसी, 28 वर्ष) वर्तमान में जयपुर के कच्ची बस्ती माली की कोठी, बगराना, थाना कानोता में किरायेदार के रूप में रह रही थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्मैक जयपुर के लिए झालावाड़ जिले से लाने की बात स्वीकार की है। अनुसंधान अभी जारी है।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
- रेखा सांसी के खिलाफ 284/2022, धारा 379 आईपीसी, थाना तूंगा जयपुर में प्रकरण दर्ज।
- नगीना सांसी के खिलाफ 284/2022 (धारा 379 आईपीसी) और 332/2023 (धारा 323, 341 आईपीसी) में प्रकरण दर्ज।
दोनों मामलों में चार्जशीट भी दायर की जा चुकी है।
पुलिस का बयान
पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” शहर में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई का हिस्सा है और ऐसे अपराधियों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।


