जयपुर। प्रदेश की एकमात्र अंता विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी का पारा गर्म है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मंत्री अशोक चांदना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि अशोक चांदना को या तो जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बाद भी जानबूझकर झूठे बयान दे रहे है। पटेल ने कहा कि पीपलोद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राज्य सरकार संवेदनशील है, राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक विद्यार्थी के परिजनों को 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं संविदा पर चिकित्सा विभाग में नौकरी की सहायता प्रदान की है एवं वही ज्यादा गंभीर विद्यार्थियों को एवं उनके परिजनों को 1 लाख 36 हजार रुपए तथा साधारण घायल विद्यार्थियों को 75 हजार की सहायता प्रदान की है।
पटेल ने बताया कि 11 पीड़ित परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन एवं सभी परिवारों को एक कैटल शेड, शैक्षणिक सामग्री एवं खेल कूद सामग्री भी उपलब्ध कराई है तथा विद्यालय भवन के पुनर्निमाण के लिए 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृति की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले 2 वर्षों में राजस्थान में सुशासन की स्थापना हुई है और पिछले कांग्रेस शासन के मुकाबले 16 प्रतिशत अपराधों में गिरावट दर्ज की गई है तथा अपराधियों को चिन्हित करके पकड़ा जा रहा है जबकि गहलोत सरकार के समय सरकार होटलों में मनोरंजन करने में व्यस्त थी तथा दिल्ली में खर्ची भेजकर अपनी सरकार चला रही थी और उन्हें गांधी दरबार की चाटुकारिता से फुर्सत नहीं थी।
मंत्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार बनते ही किसान निधि में वृद्धि कर किसानों को सम्मान और संबल देने का काम किया है। भाजपा सरकार किसानों को अतिवृष्टि के समय पर गिरदावरी करवाकर मुआवजा समयबद्ध तरीके से वितरण करने के लिए दृढ़संकल्पित है। भजनलाल सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा की हितैषी सरकार है तथा अंता की जनता ने भजनलाल सरकार के विकास और मोरपाल सुमन के व्यक्तित्व के समर्थन में तथा प्रमोद जैन भाया के भ्रष्टाचार के खिलाफ कमल के फूल पर बटन दबाकर विकास को चुनने का काम करेगी।


