राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन (RPSC) की सदस्य और मशहूर कवि कुमार विश्वास की पत्नी डॉ. मंजू शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राजस्थान हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। मंजू शर्मा ने इस्तीफा राज्यपाल को भेजते हुए लिखा कि वह अपनी स्वेच्छा से पद छोड़ रही हैं। उनका कार्यकाल 14 अक्टूबर 2026 तक था और उन्होंने 15 अक्टूबर 2020 को पदभार संभाला था।
हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद इस्तीफा
पिछले हफ्ते राजस्थान हाईकोर्ट ने सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द करने का आदेश देते हुए RPSC के तत्कालीन अध्यक्ष और सदस्यों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। कोर्ट ने इस मामले पर जनहित याचिका के रूप में स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच का संकेत दिया था।
कार्यकाल में हुई भर्ती पर उठे सवाल
SI भर्ती की पूरी प्रक्रिया डॉ. मंजू शर्मा के कार्यकाल में हुई थी। इस मामले में RPSC की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दो सदस्य पहले ही जेल भेजे जा चुके
पेपर लीक मामले में RPSC के दो सदस्य पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद अन्य सदस्यों और पूर्व अध्यक्ष पर भी शिकंजा कसने की संभावना है।


