जयपुर।दिवाली का त्योहार आते ही देशभर में मिठाई बाजारों की रौनक चरम पर है, लेकिन इस बार पिंक सिटी जयपुर ने मिठास और लग्जरी के मेल से एक नया कीर्तिमान रच दिया है। शहर की मिठाई बाजार में इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है – ‘स्वर्ण प्रसादम’, जो देश की सबसे महंगी मिठाई मानी जा रही है। इसकी कीमत है ₹1.11 लाख रुपये प्रति किलो और एक पीस की कीमत लगभग ₹3,000!
इस विशेष मिठाई को तैयार किया है जयपुर की अंजली जैन ने, जिनका कहना है कि यह सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि सेहत और शाही अनुभव के लिए बनाई गई है। एक मीडिया न्यूज चैनल से विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि मिठाई में चिलगोजा, प्रीमियम केसर, विदेशी ड्रायफ्रूट्स और सबसे खास – शुद्ध स्वर्ण भस्म (Pure Gold Ash) का उपयोग किया गया है, जिसे आयुर्वेद में इम्युनिटी बढ़ाने वाला माना जाता है।
ज्वेलरी बॉक्स में पेश की जा रही है मिठाई
‘स्वर्ण प्रसादम’ को एक खास ज्वेलरी बॉक्स जैसी पैकेजिंग में पेश किया गया है, जिससे इसका शाही लुक और ज्यादा निखर कर सामने आता है। मिठाई के ऊपर लगाई गई गोल्ड ग्लेजिंग इसे किसी कीमती आभूषण जैसा लुक देती है।
लक्जरी मिठाइयों की रेंज
1. स्वर्ण भस्म भारत – ₹85,000 प्रति किलो
इस मिठाई का एक पीस ₹1,950 का है। इसमें स्वर्ण भस्म के साथ विदेशी ड्रायफ्रूट्स शामिल किए गए हैं। स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल!
2. चांदी भस्म भारत – ₹58,000 प्रति किलो
इस मिठाई के एक पीस की कीमत ₹1,150 है। इसमें चांदी भस्म और प्रीमियम नट्स का उपयोग किया गया है, जो हेल्थ कॉन्शियस ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हो रही है।
हेल्थ और लग्जरी का अनोखा फ्यूजन
इन मिठाइयों में परंपरागत सामग्री जैसे बादाम, काजू, पिस्ता, अंजीर के साथ-साथ विदेशी इंग्रीडिएंट्स – ब्लूबेरी, व्हाइट चॉकलेट, सॉल्टेड बटर कैरेमल आदि का समावेश किया गया है। यह स्पष्ट संकेत है कि मिठाई का बाजार अब परंपरा से आगे बढ़कर एक लग्जरी और हेल्थ ट्रेंड का हिस्सा बन चुका है।


