कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा में आत्मदाह करने वाली बेटी के पिता से बात की। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ओडिशा के बालेश्वर में इंसाफ की लड़ाई में जान गंवाने वाली बहादुर बेटी के पिता से बात की। उनकी आवाज़ में बेटी का दर्द, सपना और संघर्ष सब महसूस किया।
उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी और मैं हर कदम पर उनके साथ हैं। जो हुआ वह अमानवीय और शर्मनाक ही नहीं, पूरे समाज का ज़ख्म है। हम हर हाल में यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिले।
राहुल गांधी ने ओडिशा की बीजेपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि ओडिशा में इंसाफ़ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत, सीधे-सीधे BJP के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है। उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई – लेकिन न्याय देने के बजाय, उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया, बार-बार अपमानित किया गया। जिन्हें उसकी रक्षा करनी थी, वही उसे तोड़ते रहे।
हर बार की तरह BJP का सिस्टम आरोपियों को बचाता रहा – और एक मासूम बेटी को खुद को आग लगाने पर मजबूर कर दिया. ये आत्महत्या नहीं, सिस्टम द्वारा संगठित हत्या है। ओडिशा हो या मणिपुर – देश की बेटियां जल रही हैं, टूट रही हैं, दम तोड़ रही हैं। और आप? खामोश बने बैठे हैं। देश को आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए, भारत की बेटियों को सुरक्षा और इंसाफ़ चाहिए।


