राजस्थान की सियासत में थप्पड़ कांड से चर्चित हुए नरेश मीणा जेल से बाहर आने बाद फिर से अपने उसी बेबाक अंदाज में नजर आ रहे है। जेल में रहने के दौरान हुए अनुभव को अब नरेश मीणा विभिन्न न्यूज चैनलों के इंटरव्यू में इसे उजागर कर रहे हैं।
इस बीच आज वें मीडिया से मुखातिब हुए और एक बड़ा ऐलान किया। मीडिया से रूबरू होते हुए नरेश मीणा ने ऐलान किया कि उनकी जन क्रांति यात्रा 21 जुलाई को झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र में स्थित कामखेड़ा बालाजी मंदिर से शुरू होगी। नरेश मीणा ने कहा, “मैं भगत सिंह की प्रेरणा से यह यात्रा शुरू कर रहा हूं और नंगे पैर चलूंगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा का अंतिम पड़ाव कहां होगा, यह अभी तय नहीं है, लेकिन उनका मकसद जनता की आवाज को बुलंद करना है। उन्होंने यह भी साझा किया कि यात्रा से पहले 20 जुलाई को वह अपने गांव समरावता जाएंगे और माता-पिता का आशीर्वाद लेंगे। नरेश मीणा के इस ऐलान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। समर्थकों का कहना है कि यह यात्रा न केवल मीणा समाज, बल्कि पूरे राजस्थान में जनता के मुद्दों को उठाने का एक बड़ा मंच बनेगी।


