जयपुर। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर NSCPL के चेयरमैन नरेंद्र शर्मा और डायरेक्टर दीनदयाल शर्मा ने उपस्थित होकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी।
गौशाला में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही जारी रही। धार्मिक मंत्रोच्चार और वैदिक विधि से गौ माता की पूजा के बाद गौ माता को गुड़ और हरा चारा खिलाकर सेवा भाव प्रकट किया। नरेंद्र शर्मा ने कहा, “गौ माता हमारी संस्कृति, आस्था और कृषि परंपरा की आधारशिला हैं। गोपाष्टमी सेवा और कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। हर व्यक्ति को गौ संरक्षण में योगदान देना चाहिए।”

वहीं दीनदयाल शर्मा ने कहा कि गौ सेवा सिर्फ धार्मिक कार्य नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है। गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम के दौरान गौशाला प्रबंधन समिति और स्थानीय श्रद्धालु भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गौ माता की सेवा की और गौ संरक्षण का संकल्प लिया।


