प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के आरा में आयोजित एक चुनावी रैली में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता ने देश का मनोबल ऊंचा किया है, लेकिन विपक्षी दल इस उपलब्धि से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) खुश नहीं थी। उन्होंने गांधी परिवार पर तीखा हमला करते हुए कहा, ‘विस्फोट पाकिस्तान में हुए, लेकिन कांग्रेस के शाही परिवार की रातों की नींद उड़ गई। पाकिस्तान और कांग्रेस के नामदार अभी तक ऑपरेशन सिंदूर के सदमे से उबर नहीं पाए हैं।’
पीएम मोदी का दावा- महागठबंधन में भारी तनाव
पीएम मोदी ने दावा किया कि गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर भारी तनाव चल रहा है। उन्होंने कहा कि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख से ठीक पहले ‘दरवाजे बंद करके बड़ा खेल” हुआ। उनके अनुसार, कांग्रेस किसी राजद नेता को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित नहीं करना चाहती थी, लेकिन राजद ने ‘दबाव डालकर’ अपनी बात मनवा ली। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन में भारी अंतर्कलह है, बंदूक दिखाकर राजद के नेता को मुख्यमंत्री उम्मीदवार चुना गया।
‘चुनाव से पहले ही झगड़ा, बाद में क्या होगा?’- पीएम मोदी का तंज
पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के बीच मनमुटाव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस से बिना पूछे घोषणापत्र जारी कर दिया गया। चुनाव अभियान में भी कांग्रेस की नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव से पहले ही यह हालत है, तो बाद में हालात और बिगड़ेंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ऐसे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते।
बिहार की जनता का अंक गणित अच्छा है, उनका सामान्य ज्ञान भी अच्छा है। ये चारा घोटाले वाले सोचते हैं, लोगों को चरा देंगे। इनकी राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार। अब दोनों परिवार में घमासान है। एक जंगलराज के युवराज हैं, उन्हें लगता है कांग्रेस युवराज की पदयात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है। कांग्रेस ने सीएम पद पर हामी तक नहीं भरी। उसके बाद राजद ने भी सबक सिखाने की ठानी। सब जानते हैं कैसे प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ ही राजद ने कैंडिडेट दे दिया।


