लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी बुधवार को पटना में महागठबंधन के प्रदर्शन में शामिल हुए इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव को महाराष्ट्र के तरह ही चोरी करने की कोशिश की जा रही है। गरीबों के हक को छीनने की साजिश रची जा रही है। लेकिन हमलोग ऐसा नहीं करने देंगे। हमलोग बिहार की जनता का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। इंडिया गठबंधन बिहार की जनता के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा- इलेक्शन कमिश्नर भाजपा और RSS नेताओं की तरह बात करते हैं। उन्हें (भाजपा) पता चल गया है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है, वे अब बिहार मॉडल लाए हैं। ये गरीबों का वोट छीनने का तरीका है। हमने चुनाव आयोग से कहा कि कानून कहता है कि हमें वोटर लिस्ट दी जाए, लेकिन आज तक महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट हमें नहीं मिली। वे सच्चाई छिपाना चाहते हैं।
यही खेल वे बिहार में भी करना चाहते हैं। मैं बिहार की जनता से कहता हूं कि जैसे महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था, वैसे ही बिहार चुनाव भी चोरी करने की कोशिश की जा रही है। यह गरीबों का वोट छीनने का तरीका है। उन्हें यह मालूम नहीं है कि यह बिहार है। बिहार की जनता अपना हक छिनने नहीं देगी। बिहार की जनता डरने वाली नहीं है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा और आरएसएस के एजेंट की तरह बात कर रहे हैं। वे अपनी जिम्मेदारी भूल गए हैं। उनका काम संविधान की रक्षा करना है। आप यह मत भूलिए कि कानून आपके ऊपर लागू होगा। कानून आपको नहीं छोड़ने वाला है। आपका काम भारत के संविधान की रक्षा करना है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान के इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट


