29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

जैसलमेर बस हादसा: CM भजनलाल शर्मा ने घायलों से की मुलाकात, कहा- हर संभव मदद देंगे

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जैसलमेर में बस में आग लगने से हुई भीषण दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जयपुर से विशेष विमान द्वारा सीधे जैसलमेर के थईयात आर्मी एरिया पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कहा कि यह हादसा अत्यंत दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह साथ खड़ी है।

थईयात पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा

थईयात आर्मी क्षेत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुर्घटनाग्रस्त बस का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों में लगे सेना के अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि सेना और स्थानीय लोगों की तत्परता नहीं होती, तो नुकसान और बड़ा हो सकता था। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता शीघ्रता से प्रदान की जाए।

भरोसा दिलाया – “सरकार आपके साथ है”

जैसलमेर से सीधे मुख्यमंत्री जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती घायलों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक घायल की स्थिति की जानकारी ली, और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा – “आप चिंता न करें, सरकार आपके इलाज से लेकर हर जरूरत तक साथ है। आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पूरी टीम 24 घंटे काम कर रही है।”

बर्न स्पेशलिस्ट की व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज की स्थिति की 24 घंटे निगरानी के लिए विशेष डॉक्टर और नर्स की टीम तैनात की जाए। उन्होंने बर्न यूनिट में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन, ICU बेड्स और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली और कहा कि जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों को तुरंत बुलाया जाए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों के परिजनों को अस्पताल में ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं।

मंत्रिमंडल के कई सदस्य रहे साथ

मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई, प्रशासनिक अधिकारी, और जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर घायलों और उनके परिजनों को पूरा समर्थन देने की बात कही।

एक्शन में सरकार

जैसलमेर बस अग्निकांड ने राजस्थान को झकझोर दिया है। लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की त्वरित और मानवीय प्रतिक्रिया ने प्रशासनिक व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। राहत कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है और सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles