जयपुर। राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद अब मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। दिन के समय जहां तापमान सामान्य बना हुआ है, वहीं रात के वक्त हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ सकती है।
24 घंटे का मौसम हाल
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान: बाड़मेर में 37.6°C। सबसे कम तापमान: सीकर में 14.0°C दर्ज किया गया। सीकर में आज न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री तक दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इससे स्पष्ट है कि उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सर्दी की शुरुआत हो चुकी है।
अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के सभी भागों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। रात के समय तापमान में धीमी गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास होगा।
दिन गर्म, रातें ठंडी
राजस्थान के कई जिलों में दिन में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है, ठंडी हवाओं का असर महसूस होने लगता है। विशेष रूप से जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, और अलवर जैसे इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
क्या बोले मौसम विशेषज्ञ?
मौसम विभाग का कहना है कि “राजस्थान में मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है। अब तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में सर्दी की शुरुआत और तेज़ हो सकती है।


