जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत आज से 10 सितंबर तक जोधपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान संघ की कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगी। 5 से 7 सितंबर तक तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक होगी, जिसमें संघ और अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस 9 दिवसीय प्रवास में विचार-मंथन का दौर जारी रहेगा।
रणनीतिक फैसलों पर होगी चर्चा
अखिल भारतीय समन्वय बैठक हर साल आयोजित की जाती है। पिछली बैठक सितंबर 2024 में केरल के पालक्काड में हुई थी। इस बार भी बैठक में संघ प्रेरित 32 विविध संगठनों के चयनित पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। ये सभी संगठन समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के लिए कार्यरत हैं। बैठक में लोकतांत्रिक पद्धति से सामाजिक परिवर्तन और व्यवस्थागत सुधार पर चर्चा होगी।
उपलब्धियों और योजनाओं पर प्रस्तुति
बैठक में सभी संगठन अपने अनुभवों के आधार पर परिस्थितियों का मूल्यांकन करेंगे। राष्ट्रीय एकात्मता, सुरक्षा और सामाजिक दृष्टिकोण से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। हालिया घटनाओं की सामूहिक समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर विचार होगा। संगठनों के प्रतिनिधि अपनी उपलब्धियां और आगामी योजनाएं पेश करेंगे। इसके साथ ही संघ शताब्दी के कार्यक्रमों में सभी संगठनों की सहभागिता को लेकर भी विस्तृत विमर्श होने की संभावना है।


