जयपुर नगर निगम ने शहर के कई प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का नाम बदलने और नए नामकरण की घोषणा की है। टोंक रोड अब भैरोंसिंह शेखावत मार्ग के नाम से जाना जाएगा, जबकि सेंट्रल पार्क का नाम भैरोंसिंह शेखावत मेमोरियल पार्क रखा गया है। ग्रेटर नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई गई। इसके अतिरिक्त भारत जोड़ों सेतु का नाम बदलकर सरदार वल्लभभाई पटेल सेतु किया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा लक्ष्मी मंदिर तिराहे पर स्थापित की जाएगी। महापौर सौम्या गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में टोंक रोड (रामबाग सर्कल से सांगानेर की ओर निगम सीमा क्षेत्र तक) का नाम भैरोंसिंह शेखावत मार्ग रखने का प्रस्ताव पारित हुआ।
बैठक में कुल 40 नामकरण प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। रामनिवास बाग में बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम डॉ. हेडगेवार खेल केंद्र रखा गया। टोंक रोड के नामकरण के प्रस्ताव को संभागीय आयुक्त के पास भेजा गया है और नामकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
ये प्रमुख नामकरण भी हुए
- मालवीय नगर: मकान संख्या ए-242 से पाथेय भवन तक – पत्रकार माणक चंद्र मार्ग
- पृथ्वीराज नगर-दक्षिण: 200 फीट सेक्टर रोड के सर्कल – भरत चक्रवर्ती सर्कल
- विद्याधर नगर, सेक्टर-8 पार्क – ब्रिगेडियर भवानी सिंह पार्क
- पन्नाधाय सर्कल से आरयूएचएस तक सड़क – पन्नाधाय मार्ग
- कावेरी पथ के पास मार्ग – श्री चित्रगुप्त मार्ग
- इन्दिरा नगर से जयपुरिया अस्तपाल तक मार्ग – स्वामी करपात्री मार्ग
- खातीपुरा आरओबी – क्षत्रिय युवक संघ संस्थापक भगवान सिंह रोलसाहबसर
- वार्ड-48, शिव सागर कॉलोनी मुख्य सड़क – लोकतंत्र सेनानी डॉ. रतन कुमार पारीक मार्ग
इन नामकरणों का उद्देश्य शहर के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व को उजागर करना और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना बताया गया है।


