बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन राजस्थान की खूबसूरती और बारिश के मौसम का लुत्फ उठाते हुए अपनी आगामी फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग का पहला शेड्यूल हाल ही में नवलगढ़ (झुंझुनूं) में पूरा हुआ। अब अगला शेड्यूल जयपुर में शुरू होने जा रहा है। कार्तिक 19 जुलाई को अपनी प्राइवेट कार ड्राइव करते हुए नवलगढ़ से जयपुर पहुंचे।
कार्तिक ने नवलगढ़ से जयपुर के सफर का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वे राजस्थान के सुहाने मौसम, बारिश की फुहारों और खूबसूरत दृश्यों का आनंद लेते नजर आए। जयपुर पहुंचने पर वे होटल रामबाग पैलेस में ठहरे, जहां फिल्म के निर्माता करण जौहर ने उनका स्वागत किया। करण जौहर भी इस शूटिंग शेड्यूल का हिस्सा बनने के लिए जयपुर पहुंच चुके हैं।
नवलगढ़ में शूटिंग के दौरान कार्तिक ने अपने अनुभवों को सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा किया। एक वीडियो में वे हेरिटेज होटल की छत पर एक्सरसाइज करते दिखे, जबकि एक अन्य वीडियो में उन्होंने फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे अभिनेता जैकी श्रॉफ के साथ सेट पर मस्ती और बॉन्डिंग के पल शेयर किए। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में कार्तिक के साथ अभिनेत्री अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। अनन्या ने भी सेट से कई मजेदार वीडियो शेयर किए, जिनमें कार्तिक के साथ उनकी केमिस्ट्री और मस्ती भरे पल देखे जा सकते हैं। खास बात यह है कि कार्तिक ने इस शूटिंग के लिए अपनी प्राइवेट कार मुंबई से राजस्थान मंगवाई है और पूरे शेड्यूल में उसी का उपयोग कर रहे हैं।


