धौलपुर। पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के नेतृत्व में जिले में शुक्रवार अलसुबह से दोपहर तक एरिया डॉमीनेशन की कार्रवाई की गई। जहां अवैध हथियार, अवैध खनन, अवैध शराब, मादक पदार्थों व अवांछित गतिविधियों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए धौलपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। एसपी सांगवान ने बताया कि अभियान में करीब 198 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 54 टीमों ने कार्रवाई में भाग लेकर 339 स्थानों पर दबिश देकर 167 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। अभियान में 04 सामान्य प्रकरणों में वांछित, 04 जघन्य प्रकरणों में वांछित, 32 स्थाई वारंटियों /गिरफ्तारी वारंटियों को, 19 को अन्य अधिनियमों व इंसदादी कार्रवाई में, 108 व्यक्तियों को 170 बीएनएस में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े अभ्यस्त व्यक्तियों के ठिकानों पर भी पुलिस टीमों द्वारा दबिश देकर उनकी गतिविधियों को चैक किया गया। इस दौरान आर्म्स एक्ट के 304 अभ्यस्त व्यक्तियों को चैक किया गया। जिसमें 02 नवीन प्रकरण दर्ज किया गया और 62 व्यक्तियों के विरुद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई है। अवैध मादक पदार्थों के 60 अभ्यस्त व्यक्तियों को चैक कर 12 व्यक्तियों के विरुद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई है। अवैध शराब का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर 05 प्रकरण दर्ज कर 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध देशी शराब के 217 पव्वे एवं 05 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई है।
अभियान के दौरान अवैध हथियारों की धरपकड़ की कार्रवाई में पुलिस थाना राजाखेड़ा द्वारा 02 आरोपियों के कब्जे से 01 अवैध कट्टा 315 बोर मय 01 कारतूस, 01 अवैध देशी कट्टा 312 मय 01 कारतूस जब्त किया गया है। अवैध खनन के खिलाफ बाड़ी सदर पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्यवाही कार्रवाई करते हुए 02 प्रकरण दर्ज कर 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है एवं 10 टन अवैध पत्थर ब्लॉक के जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सांगवान ने बताया कि वांछित आरोपियों, ईनामी बदमाशों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वो के खिलाफ धौलपुर पुलिस का धरपकड़ का अभियान जारी रहेगा।


