राजस्थान के कोटपूतली- बहरोड़ जिले के नाराणयपुर इलाके में इन दिनों ग्रामीण एक बघेरे के आतंक से भयभीत हैं। इसके चलते शाम ढलते ही बघेरे के डर के कारण ग्रामीण अपने खिड़की-दरवाजे बंद कर घरों में छुप जाते हैं। इतना ही नहीं बघेरा अब तक इलाके में 10 बकरियों का भी शिकार कर चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बाद वन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वन विभाग के अफसरों की लापरवाही से आमजन त्रस्त हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बघेरे को जल्द से जल्द पकड़ाया जाए, क्योंकि पालतू जानवरों का शिकार करते हुए कहीं जंगली जानवर किसी व्यक्ति पर हमला कर देता है तो स्थिति गंभीर उत्पन्न हो जाएगी। आज सभी ग्रामीण एक जुट हुए और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा जन नेता राकेश दायमा ने कहा कि बघेरे के डर के कारण स्थानीय किसान अपने खेतों में जाकर कृषि कार्य भी नहीं कर पाते, जिससे उनकी आजीविका पर भी संकट उत्पन्न हो गया है। लेकिन वन विभाग के अधिकारियों को इस बात की कोई फिक्र नहीं है कि आमजन परेशान हो रहा है।
भय के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा रहे है। वन विभाग के अधिकारी कोई बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। अगर स्थिति को समय रहते नहीं संभाला गया तो नतीजे बेहद खतरनाक हो सकते हैं। बघेरे को पकड़ने के लिए महज खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते हुए किसान की समस्या नहीं सुनी गई तो आंदोलन किया जाएगा जिसका जिम्मेदार वन विभाग होगा।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में ED की बड़ी कार्रवाई, जयपुर की 5-स्टार होटल में की छापेमारी


