राजस्थान के भीलवाड़ा में एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों के साथ हुए थप्पड़कांड के विवाद में घिरे RAS अधिकारी SDM छोटूलाल शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। मामला जसवंतपुरा के एक पेट्रोल-सीएनजी स्टेशन का है, जहाँ हुए मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
एसडीएम की पत्नी की शिकायत के बाद पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार भी किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पेट्रोल पंप मैनेजर ने उन्हें आंख मारी, जिसपर एसडीएम ने आपत्ति जताई, लेकिन कर्मचारियों ने उन्हें मारा। वायरल सीसीटीवी वीडियो में देखा गया कि पहले एसडीएम शर्मा हाथ उठाते और अपने पद का रौब दिखाते नजर आए।
पहली पत्नी का नया आरोप
मामले में नया मोड़ तब आया जब छोटूलाल शर्मा की पहली पत्नी पूनम जखोरिया ने उनके ऊपर घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए। पूनम ने बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ पिछले 5 वर्षों से पति से अलग रह रही हैं। उनका कहना है कि SDM का हिंसक व्यवहार बच्चों के लिए डर का कारण था। पूनम ने एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि, “उसकी आदत है, वह चलते-फिरते किसी को भी मार सकता है, अमरूद वाले को भी, मेले में झूलेवाले को भी। जब वह घर आता था, तो मेरे छोटे बच्चे कुर्सियों और बेड के नीचे छिप जाते थे।”
परिवारिक पृष्ठभूमि
पूनम और छोटूलाल की शादी 2008 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पूनम के अनुसार, छोटूलाल अक्सर बाहरी लोगों से झगड़े करते थे और वह ही झगड़ों को शांत करती थीं। 2020 में उन्होंने पति से अलग हो गईं और उनके तलाक का मामला अभी कोर्ट में लंबित है। इसी बीच छोटूलाल ने दूसरी शादी कर ली, और दूसरी पत्नी से भी उनके बच्चे हैं।
न्याय की लगाई गुहार
थप्पड़कांड के बाद पूनम जखोरिया ने कहा कि उन्हें भी न्याय चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं उसके दुर्व्यवहार को सहती रही कि अपना घर क्यों तोड़ूं। लेकिन अब मुझे न्याय चाहिए। उसने दूसरी शादी कर ली, बच्चे भी हो गए। अब मेरे दोनों बच्चों का क्या होगा, मेरी क्या स्थिति होगी, मैं दो बच्चों की मां हूं और मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई।”


