राजस्थान में विपक्ष के तेवर सख्त हो गए हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को अलवर जिले के मोती डूंगरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और नशाखोरी जैसे सामाजिक संकटों ने भयावह रूप ले लिया है और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।
‘नशे की गिरफ्त में युवा, सरकार सो रही है’
टीकाराम जूली ने नशे की बढ़ती समस्या को सबसे गंभीर खतरा बताते हुए कहा, “कम उम्र के बच्चे नशे में डूब रहे हैं, स्कूल-कॉलेजों में इसका नेटवर्क फैल चुका है। प्रशासन दिखावे की कार्रवाई कर रहा है, असली माफिया खुलेआम घूम रहे हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी ने राजस्थान की युवा पीढ़ी को दिशाहीन बना दिया है। नशे और बेरोजगारी के कारण समाज का ढांचा कमजोर होता जा रहा है।
‘अपराध बढ़े, विकास रुका’
जूली ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “लूट, हत्या, बलात्कार और चोरी जैसे अपराधों की बाढ़ आई हुई है। सरकार केवल इवेंट और विज्ञापन की राजनीति में उलझी है, जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हो रहा।” उन्होंने दावा किया कि गांवों में सड़कें खस्ताहाल हैं, विकास योजनाएं अधर में लटकी हैं और अधिकारी मर्जी से काम कर रहे हैं।
‘जैसलमेर बस हादसे ने खोली पोल’
टीकाराम जूली ने हाल ही में हुए जैसलमेर बस हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बताती हैं कि सरकार के पास न तो प्रबंधन है, न संवेदनशीलता।
“सरकार हादसों पर केवल मुआवजे का ऐलान करती है, लेकिन वजहों पर कोई गंभीर कार्रवाई नहीं होती।”
‘सदन से सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे’
जूली ने ऐलान किया कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। “हम नशा, अपराध और बेरोजगारी के खिलाफ न केवल सदन में आवाज उठाएंगे, बल्कि सड़क पर भी आंदोलन करेंगे।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा सरकार के जुमलों और विफलताओं को जनता के सामने उजागर करें।


