उदयपुर। त्योहारी सीजन के बीच उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए मनवाखेड़ा स्थित राजघराना होटल को सील कर दिया है। होटल को बिना अनुमति और भू-उपयोग परिवर्तन (land use change) के बिना व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन पर सील किया गया। UDA आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि होटल के निर्माण में किसी भी प्रकार की वैधानिक स्वीकृति नहीं ली गई थी, और नियमों का उल्लंघन करते हुए होटल-रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा था।
35 दुकानों के बाद होटल पर एक्शन
यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब प्राधिकरण लगातार अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चला रहा है। एक दिन पहले ही कृषि भूमि पर बनी 35 दुकानों को भी सील किया गया था। आज की कार्रवाई में प्राधिकरण की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और होटल को सील किया।
6 महीने की मोहलत, फिर होगी तोड़फोड़ की कार्रवाई
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि नियमानुसार अवैध निर्माण की स्थिति में विपक्षी पक्ष को 6 महीने का समय दिया जाता है। इस अवधि में संबंधित व्यक्ति को निर्माण को तोड़कर नियम अनुसार सुधार करना होता है। यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होती, तो UDA खुद तोड़फोड़ की कार्रवाई कर सकता है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी
UDA ने साफ किया है कि अवैध रूप से विकसित निर्माण, दुकानें या व्यावसायिक प्रतिष्ठान, चाहे वे कितने ही बड़े क्यों न हों, नियमों का उल्लंघन करने पर बख्शे नहीं जाएंगे। आने वाले दिनों में अवैध कॉलोनियों और अन्य निर्माणों पर भी कार्रवाई की संभावना है।


