विद्या भारती राजस्थान द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह 5 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र कार्यवाहक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राजस्थान जसवंत खत्री करेंगे। समारोह में योगी रमणनाथ महाराज, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कुंवर राष्ट्रदीप, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विद् शिखा गुप्ता और विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री शिवप्रसाद शामिल होंगे।
विद्या भारती के पूर्व छात्रों का नेटवर्क इसकी दीर्घकालिक शैक्षिक दृष्टि का सशक्त प्रमाण है। 10 लाख 30 हजार से अधिक पूर्व छात्र इसके पोर्टल पर पंजीकृत हैं, जिससे यह विश्व का सबसे बड़ा पूर्व छात्र संगठन बन गया है। ये पूर्व छात्र 87 से अधिक देशों में रहकर विविध क्षेत्रों में में योगदान दे रहे हैं और अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान प्राप्त सेवाए संस्कृति और प्रतिबद्धता के मूल्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
विद्या भारती का संकल्प है सभी तक शिक्षा पहुंचे, विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों, सीमावर्ती जिलों और शहरी सेवा बस्तियों में रहने वाले बच्चों के लिए सस्ती और सुलभ शिक्षा की व्यवस्था हो। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के परिणामों में 1926 छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कक्षा 10वीं में 32 छात्रों ने 97.83% से अधिक और कक्षा 12वीं में 6 छात्रों ने 96.60% से अधिक अंक हासिल किए हैं। विशेष उपलब्धि के रूप में दिव्यांग श्रेणी के छात्र मृत्युंजय शर्मा ने 100% अंक प्राप्त किए हैं।


