अगर आप वीकेंड पर गुलाबी नगरी जयपुर घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं और सोच रहे हैं कि कुछ खास और यादगार पल अपने कैमरे में कैद करें, तो हम आपके लिए लाए हैं जयपुर के टॉप 5 फोटोशूट लोकेशंस की लिस्ट। यहां न सिर्फ आप शानदार फोटो खिंचवा सकते हैं बल्कि राजस्थान की संस्कृति, इतिहास और खूबसूरती को भी करीब से महसूस कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि ये सारी जगहें बेहद किफायती हैं और हर फोटोलवर और ट्रैवलर के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हैं।
हवा महल – गुलाबी शहर की पहचान
जयपुर आएं और हवा महल न देखें, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। गुलाबी पत्थरों से बने इस अनोखे महल की जालीदार खिड़कियां, राजस्थानी वास्तुकला और इसके सामने का रोडव्यू इसे एक आइकॉनिक फोटोशूट पॉइंट बना देते हैं। यहां हर समय देसी-विदेशी सैलानी फोटो और वीडियो शूट करते दिखाई देते हैं। खासकर सुबह और शाम के समय यहां की रौशनी में तस्वीरें बेहद खूबसूरत आती हैं।

जल महल – झील के बीच बसी खूबसूरती
जयपुर शहर के बाहर झील के बीच स्थित जल महल, खासतौर पर प्री-वेडिंग शूट के लिए फेमस है। यहां की शांत झील, महल की रिफ्लेक्शन और आसपास का नजारा इसे एक रोमांटिक फोटोशूट स्पॉट बनाता है। सूर्यास्त और सूर्योदय के समय यहां खींची गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जाती हैं।
पत्रिका गेट – रंगों और कला का संगम
जयपुर का पत्रिका गेट आजकल सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इसकी दीवारों पर की गई रंगीन नक्काशी और सांस्कृतिक झलक इसे फोटोशूट के लिए परफेक्ट बनाती है। यहां कई म्यूजिक वीडियोज की शूटिंग भी हो चुकी है। पत्रिका गेट के अंदर स्थित गार्डन भी कपल्स के लिए एक शांत और खूबसूरत स्थान है।
आमेर किला
राजस्थानी राजाओं की भव्यता को दर्शाता आमेर किला न सिर्फ घूमने बल्कि फोटोशूट के लिए भी बेहद लोकप्रिय है। यहां की दीवारें, महल, आंगन और झील – हर जगह फोटो लेने लायक है। सूरज की पहली और आखिरी किरणों में यह किला और भी अधिक शानदार दिखाई देता है।
पन्ना मीना का कुंड – अनोखी सीढ़ियों वाला हेरिटेज पॉइंट
पन्ना मीना का कुंड एक ऐतिहासिक बावड़ी है, जो अपनी सिमेट्रिकल डिज़ाइन और अनोखी सीढ़ियों के लिए फेमस है। फोटोग्राफरों के बीच यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं। यहां बैठकर तस्वीरें खिंचवाने का अलग ही मजा है। खासतौर पर शाम के वक्त यहां का माहौल बहुत ही सुंदर और जीवंत हो जाता है।


